अगले 7 दिन चलेंगी तेज हवाएं, दिल्ली में चढ़ेगा पारा, पढ़ें राज्यों के मौसम का हाल
नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिल्ली-NCR में पारा चढ़ने लगा है, हालांकि मार्च का महीना खत्म होने में 10 दिन बचे हैं। मौसम विभाग ने मौसम ताजा अपडेट जारी किया है। दिल्ली-नोएडा में हल्की हवा चल सकती है, तापमान 32 डिग्री बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने अगले हफ्ते तक राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक जाने की संभावना जताई है। पहाड़ों की बात करें तो वहां मौसम काफी कूल बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी की वजह से वहां पर तापमान में काफी गिरावट आई है। इसके साथ ही उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भी लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार 21 मार्च से दिल्ली NCR में मौसम साफ हो जाएगा और धूप तेज हो जाएगी। दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक जा सकता है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी।
बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। पटना, समस्तीपुर, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय और खगड़िया समेत कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 20 मार्च को पटना समेत कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात हो सकता है। अगले 2-3 दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।
यूपी के कई इलाकों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले 72 घंटों में मौसम पूरी तरह बदल सकता है।
इस दौरान कई जिलों में बारिश, बादल गरजने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 मार्च को प्रदेश में मौसम सुहाना रहेगा।
मध्य प्रदेश में भी मौसम ने करवट लिया है। पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी राज्यों से आ रही हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट आई है। सुबह और शाम को ठंडी हवाएं चलीं हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट है, दिन में अच्छी धूप देखने को मिल रही है। हालांकि, अगले 36 घंटों के दौरान ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी का अलर्ट है। इस दौरान बारिश भी दस्तक दे सकती है। 26 मार्च तक घाटी में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 27 मार्च से मौसम का मिजाज बदल सकता है।















