देश की एकता और अखण्डता को मजबूती प्रदान करता है रेलवे- जीएम एनईआर 

0
146

देश की एकता और अखण्डता को मजबूती प्रदान करता है रेलवे- जीएम एनईआर 

गोरखपुर। महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे सौम्या माथुर की अध्यक्षता में क्षेत्रीय रेलवे राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक महाप्रबन्धक सभागार में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर भंडार विभाग द्वारा पावर प्वाइंट की प्रस्तुति दी गयी। अपर महाप्रबन्धक डी.के.सिंह, प्रमुख विभागाध्यक्ष, तीनों मंडलों के अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी, कारखानों एवं उत्पादन इकाइयों के उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबन्धक सौम्या माथुर ने कहा कि भारतीय रेल का विशाल नेटवर्क हमारे देश की एकता और अखण्डता को मजबूती प्रदान करता है। यह नेटवर्क हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित करता है, जिसमें राजभाषा हिंदी एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। राजभाषा का कार्य अच्छी तरह से किया जा रहा है। रेल कार्यालयों में राजभाषा हिंदी को प्रेरणा, प्रोत्साहन और सद्भावना से बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। यह सराहनीय है कि राजभाषा विभाग रेल कार्यालयों में कार्मिकों की भाषा की चेतना को भी समय-समय पर प्रेरित करता रहता है। महाप्रबन्धक ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपना अधिक-से-अधिक सरकारी कामकाज मूल रूप से हिंदी में निष्पादित करें। कार्यशालाओं के आयोजन द्वारा कार्मिकों को राजभाषा नीति की जानकारी दी जाए जिससे वे अपने दायित्वों को अच्छी तरह निभा सकें। उन्होंने कहा कि हम लोग ’क’ क्षेत्र में आते हैं। पूर्वोत्तर रेलवे हिन्दी भाषी क्षेत्र है। यहां हिन्दी उपयोग में आसानी होती है। सभी रेल कर्मी कार्यस्थल पर हिन्दी का प्रयोग करें।

महाप्रबन्धक ने जानकारी देते हुए बताया कि संजय सिंहल, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर ने पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया है। श्री सिंहल की देखरेख में इस रेलवे राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में और वृद्धि होगी। आप सभी पूर्ण मनोयोग से राजभाषा हिंदी में कार्य करें, और एक उत्साहवर्धक वातावरण सृजित कर सभी अधीनस्थ अधिकारियों को भी हिंदी में काम करने के लिए प्रेरित करें। आप सभी की जागरूकता एवं प्रयासों से राजभाषा हिंदी की और अधिक प्रगति हो सकेगी।

उन्होंने भंडार विभाग की ’जेम’ पर दिये गये प्रस्तुतिकरण को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। महाप्रबन्धक ने आगामी बैठक में साइबर अपराध से बचाव व सुरक्षा पर पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण के लिये सुरक्षा विभाग (रेलवे सुरक्षा बल) को नामित किया।

स्वागत करते हुए मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल ने कहा कि पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी के रूप में यह मेरी प्रथम बैठक है। इस समिति की पिछली बैठक दिसम्बर, 2024 को संपन्न हुई थी। विगत 20 मार्च को राजभाषा हिंदी की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। ऐसे विजेता प्रतिभागी स्वयं हिंदी में कार्य करें और अपने सहकर्मियों को भी हिंदी में कार्य करने के प्रति जागरूक करें। ताकि कार्यालयों में राजभाषा हिंदी की उत्तरोत्तर प्रगति हो सके। भारतीय संविधान की मूल भावना के अनुरूप पूर्वाेत्तर रेलवे सरकारी काम-काज में हिंदी का प्रयोग बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अंग्रेजी में जो कार्य हो रहे हैं उसे चिह्नित कर हिंदी का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। जन सामान्य की भाषा हिंदी में सरकारी काम-काज करने से विकास की गति तेज होगी और पारदर्शिता आएगी।

उप मुख्य राजभाषा अधिकारी/मुख्यालय सुमित कुमार ने आभार प्रदर्षन एवं धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके पूर्व, बैठक में भंडार विभाग की ओर से उप मुख्य सामग्री प्रबंधक नवीन चंद्र जोशी ने ’जेम’ पर बहुत ही उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक जानकारी दिया गया। राजभाषा अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने रेलवे बोर्ड की संषोधित मानक कार्यसूची के अनुसार चर्चा की।

बैठक का संचालन राजभाषा अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने किया। बैठक का समन्वय वरिष्ठ अनुवादक/प्रभारी, राजभाषा अनामिका सिंह ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here