साल का आखिरी सूर्य ग्रहण आज शाम 4.22 बजे, चन्द्र ग्रहण 8 नवम्बर को
सूर्य ग्रहण का स्पर्श शाम 4.22 बजे, मध्य 5.14 बजे तो मोक्ष 6.32 बजे
कार्तिक पूर्णिमा को लगेगा चन्द्र ग्रहण
दिल्ली डेक्स। तिथियों के फेर से इस बार कार्तिक अमावस्या दो दिन पड़ रही है। अमावस्या में पहले दिन 24 अक्टूबर को सनातन धर्मावलंबियों ने दीप ज्योति का मुख्य पर्व दीपावली मनाई तो दूसरे दिन 25 अक्टूबर को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण लग रहा है। इसके अलावा कार्तिक पूर्णिमा 8 नवंबर को चंद्र ग्रहण लग रहा है।
तुला राशि, स्वाति नक्षत्र पर लगने वाले खंड सूर्य ग्रहण का स्पर्श शाम 4.22 बजे हो रहा है। मध्य 5.14 बजे तो मोक्ष 6.32 बजे होगा। हालांकि ग्रहण काल में ही 5.37 बजे सूर्यास्त हो जा रहा है। इसे ‘ग्रस्ताग्रस्त’ ग्रहण कहते हैं। धर्मशास्त्रीय विधान अनुसार इस स्थिति में ग्रहण से निवृत्ति अगले दिन 26 अक्टूबर को सूर्योदय काल में सुबह 6.02 बजे मानी जाएगी। धर्मशास्त्रीय विधान अनुसार सूर्य ग्रहण से 12 घंटे पहले यानी भोर में 4.42 बजे सूतक लग गया। इसमें देव स्पर्श, पूजन, भोग-आरती वर्जित है। इस अवधि में जप-तप आदि का फल कोटि गुना अधिक माना जाता है।
इस साल वैश्विक पटल पर चार ग्रहणों में से आखिरी के दो ग्रहण भारत में दृश्य हो रहे हैं। इसमें पहला 25 अक्टूबर को खंड सूर्य ग्रहण भारत में ग्रस्तास्त सूर्य ग्रहण के रूप में दृश्य हो रहा तो दूसरा कार्तिक पूर्णिमा आठ नवंबर को खग्रास चंद्रग्रहण भारत में ग्रस्तोदित चंद्रग्रगण के रूप में देखा जाएगा।
भारत में सिर्फ पूर्व व पूर्वोत्तर अंडमान निकोबार दीप समूह, आइजाल, इम्फाल, कोहिमा, इटानगर, डिब्रूगढ़, शिवसागर, सिलचर में नहीं दिखेगा। भारत के अतिरिक्त इसे यूरोप, मध्य पूर्व उत्तरी अफ्रीका, पश्चिम एशिया, उत्तर हिंंद महासागर, उत्तरी अटलांटिक महासागर में देखा जाएगा। यूनिवर्सल समयानुसार ग्रहण आरंभ दिन में 2.29 बजे, मध्य 4.30 बजे, मोक्ष शाम 6.52 बजे होगा।