मतदान सम्पन्न, खड़गे व थरूर के भाग्य का फैसला 19 को निकलेगा मतपेटी से
कांग्रेस अध्यक्ष पद का मतदान सम्पन्न
19 अक्टूबर को होगी मतों की गणना
सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लगभग 9000 से अधिक सदस्यों ने किया मतदान
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए मतदान सोमवार को सम्पन्न हो गया है। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। 9,000 से अधिक प्रदेश कांग्रेस कमिटी (PCC) के डेलीगेट ने इस मतदान में हिस्सा लिया। सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक AICC मुख्यालय समेत देश भर के पार्टी प्रदेश कार्यालयों में मतदान हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए देशभर में 36 पोलिंग बूथ बनाए गए थे।
निर्वतमान अध्यक्ष अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि इस दिन का वह लंबे समय से इंतजार कर रही थीं।
सोनिया गांधी और कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी प्रियंका गांधी वाड्रा एक साथ अपना वोट डालने के लिए AICC मुख्यालय पहुंचीं। चुनाव के बारे में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सोनिया ने कहा, ‘इस दिन के लिए मैं लंबे समय से इंतजार कर रही हूं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी अपना वोट डाला। इनके अलावा कांग्रेस के सीनियर नेता पी चिदंबरम ने भी अपना वोट डाला।
उल्लेखनीय हैं कि कांग्रेस पार्टी में नए अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है, जो 24 सालों में पहली बार गांधी परिवार से बाहर का होगा। सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जोर दिया कि गांधी परिवार के नेतृत्व की सख्त जरूरत होगी और यह आने वाले दिनों में पार्टी में अहम भूमिका निभाएगी। पार्टी का नया अध्यक्ष अब तक सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष पद पर रहीं सोनिया गांधी की जगह लेंगे। 1998 से सोनिया के नेतृत्व में पार्टी का काम-काज हो रहा था। बीच में दो साल- 2017 और 2019 में राहुल गांधी पार्टी में बतौर अध्यक्ष रहे।