देवरिया में जर्जर मकान गिरने से तीन की मौत
गोरखपुर/देवरिया। नगर के अंसारी रोड में करीब 80 साल पुराना मकान ध्वस्त होने से तीन लोग दब गए जिसमें से दिलीप, चांदनी व एक मासूम बच्ची पायल की मृत्यु हो गई। करीब पौने तीन घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में दबे मासूम सहित तीन का शव निकाल लिया गया। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। गली सकरी होने के कारण मलबा हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, उपजिलाधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि पुराने मकान में किराए पर एक परिवार रहता था। रविवार की देर रात करीब 3 बजे मकान अचानक ध्वस्त हो गई। घटना के समय एक महिला उसमें से बाहर निकल अपनी दैनिक क्रिया में लग गयी जो बच गयी बाकी तीन लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार के बाद मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर उप जिलाधिकारी सदर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह तथा अग्निशमन विभाग के कर्मियों रेक्स्यु कार्य कर रहे है।