दो सौतेले भाइयों की गला काट कर हत्या
घटना में सौतेली माँ भी शामिल
देवरिया जिले गौरीबाजार थाना क्षेत्र के देवताह गांव में हुयी दिल दहलाने वाली घटना
व्यूरो
देवरिया। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के देवतहा गांव में बुधवार की सुबह दिल को दहला देने वाली घटना सामने आयी है। देवताह में दो सौतेले भाइयों की निर्मम हत्या सौतेली माँ, उसका पुत्र ने कर दी है। घटना की वजह संपत्ति विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस ने हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ श्रीपति मिश्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली।
मिली जानकारी के अनुसार देवतहा निवासी श्रीनिवास की दूसरी पत्नी मंशा देवी के बड़े पुत्र 18 वर्षीय अजय और 15 वर्षीय अभिषेक घर में सो रहे थे। श्रीनिवास की पहली पत्नी कुसुम और उसके पुत्र राजू ने दोनों पर चाकू से हमला बोल दिया। मां- बेटे ने मिलकर दोनों भाइयों की गला काट कर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पहुंचे थाना अध्यक्ष विपिन मलिक ने हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक का पिता श्रीनिवास विदेश में रहता हैं। उसने दो शादियां की है। पहली पत्नी कुसुम के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र जितेंद्र भी विदेश गया और उसकी पत्नी घर पर है। घर पर पहली पत्नी कुसुम और दूसरा पुत्र राजू रहते हैं। दूसरी पत्नी मंशा भी घर पर ही रहती है। मंशा के दो पुत्र 18 वर्षीय अजय व 15 वर्षीय अभिषेक थे।
दोनों पत्नियों में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।बताया जाता है कि 15 दिन पूर्व दोनों पत्नियों में घर खर्च को लेकर कहासुनी हुई थी। इन सब के बीच नाराज पहली पत्नी व उसके बेटे ने मिलकर दूसरी पत्नी के दोनों बेटों को मौत के घाट उतार दिया है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। मृतकों की मां का रो- रोकर बुरा हाल हो गया है। उसकी दहाड़ सुनकर आसपास के लोगों का कलेजा फटा जा रहा है। वहीं लोगों के बीच तरह- तरह की चार्चाएं हो रही हैं।