साइकिल के साथ हाथी पर चला बुलडोजर
चिल्लूपार में बना इतिहास खिला कमल
गोरखपुर ( विनय शर्मा)
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में योगी की बुलडोजर ने साइकिल को ही नहीं बल्कि हाथी तक को पूरी तरह से रौंद दिया है। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 274 सीटों पर कमल खिला है। आज मतगणना के दिन सीएम सिटी गोरखपुर में सुबह से ही एक साथ होली व दिवाली मनाई गई। पूरा गोरखपुर भगवामय होकर जय श्री राम के नारों के साथ गूंज उठा।
गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 लाख 65 हजार 499 मत प्राप्त किया। सपा की सुभावती शुक्ला ने 62109 मत पाकर सीएम योगी का पीछा जहां करती रहीं वहीं बीएसपी के प्रत्याशी ख्वाजा शमसुद्दीन को 8023 तथा कांग्रेस की प्रत्याशी चेतना पांडेय को 2880 एवं भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर रावण को 7640 मत पाकर संतोष करना पड़ा। पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़े सीएम योगी 100000 से भी ज्यादा रिकॉर्ड मतों से इस सीट पर जीते। सीएम योगी आदित्यनाथ प्रथम चक्र की मतगणना से लेकर अंतिम चक्र तक बढ़त बनाए रहे।
पूर्वी उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र चर्चा में था क्योंकि यहां पर बसपा छोड़कर सपा में आए बाहुबली पूर्वी उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों के नाम पर राजनीति करने वाले विनय शंकर तिवारी चुनाव लड़ रहे थे जिन्हें पूर्व मंत्री व भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी ने पटकनी दी। ब्राह्मण मतदाताओं ने विनय शंकर तिवारी के जातिगत राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया और राजेश त्रिपाठी को जनादेश देते हुए यहां पर कमल खिला दिया बताते चलें कि भारतीय जनता पार्टी ने यहां पहली बार जीत हासिल की है।
राजेश त्रिपाठी को 82 हजार 138 लोगों ने पसंद किया। विनय शंकर तिवारी को 64464 मत मिले, बसपा के प्रत्याशी पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह उर्फ पहलवान सिंह को 42183 तथा सोनिया शुक्ला जो कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं उन्हें 1243 मत प्राप्त हुए।
कैंपियरगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह सातवीं बार विजयश्री हासिल की। फतेह बहादुर सिंह को कुल 1 लाख 22 हजार 32 मत, सपा की प्रत्याशी काजल निषाद को 79 हजार 376 मत, बसपा के चंद्र प्रकाश निषाद को 13 हजार 153, सीपीआई के अटल बिहारी सिंह को 1 हजार 632 तथा कांग्रेस के सुरेंद्र निषाद को 2592 मत मिले ।
पिपराइच विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी महेंद्र पाल सिंह के सिर पर दोबारा जीत का सेहरा बधा। जिन्हें 1 लाख41 हजार 780 मत मिले। सपा के अमरेंद्र निषाद को 76 हजार 523 पर संतोष करना पड़ा ।
गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विधायक विपिन सिंह ने पुनः जीत हासिल की । विपिन सिंह को 1 लाख 26 हजार 376 मत मिले तथा उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के प्रत्याशी पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव को 1 लाख 2 हजार 306 मत प्राप्त हुए। बसपा के दारा सिंह निषाद को 15 हजार 982 तथा कांग्रेस के देवेंद्र निषाद महरा को 1492 मत प्राप्त हुआ है।
सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर से कमल खिला। भाजपा के प्रत्याशी प्रदीप शुक्ला पहली बार विधायक चुने गए हैं जिन्हें कुल 1 लाख 5 हजार 320 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रहे सपा के यशपाल सिंह रावत को 62 हजार 177, बसपा के प्रत्याशी बाहुबली सुधीर सिंह को 43 हजार 798 व कांग्रेश के मनोज यादव को 3315 वोट मिले।
चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा का कमल फिर से खिला है। यहां पर बीजेपी व निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी ई सरवन निषाद को 1लाख 8 हजार 93 मत प्राप्त हुए। इंजीनियर सरवन निषाद भी पहली बार चुनाव लड़े हैं और विधायक चुने गए हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के प्रत्याशी बृजेश चंद्र को 49 हजार 991, बसपा के वीरेंद्र पांडेय को 24 हजार 924, भाजपा के बागी निर्दल प्रत्याशी अजय कुमार सिंह टप्पू को 29 हजार 342 तथा कांग्रेस के जितेंद्र पांडे को 1719 मत मिले।
बांसगांव सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर विमलेश पासवान पुनः जीत दर्ज किया हैं। डा. विमलेश पासवान को 87 हजार 224 मत मिले। इनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के डॉक्टर संजय कुमार को 54 हजार 915, बसपा के राम नयन आजाद को 37 हजार 204 व कांग्रेस की पूनम को 2050 वोट मिले।
खजनी विधानसभा क्षेत्र में भी पुनः कमल खिला है। यहां पर भाजपा के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीराम चौहान को 90 हजार 210 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की रुपावती बेलदार को 53 हजार 109, बसपा के विद्यासागर को 46 हजार 427 एवं कांग्रेस की रजनी को एक 2397 मत मिले।
भाजपा छोड़ सपा में आए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे जिन्हें भाजपा के सुरेंद्र कुशवाहा ने हरा दिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सिंह लल्लू तमकुही राज विधानसभा से दो बार विधायक रहे वह भी चुनाव हार गए भाजपा के डॉ असीम कुमार राय ने उन्हे पटकनी दी है।